मंगलवार, 3 फ़रवरी 2015

सामाजिक विकास सूत्र की तलाश

हम केवल अकेले अल्पसंख्यक नहीं हैं

जातीय संख्या की दृष्टि से हम केवल एक अकेले अल्पसंख्यक नहीं हैं। यह अल्पसंख्यक वाला रोना मुझे जंचता नहीं है। हिंदू समाज की भी कई छोटी संख्या वाली जातियां सफल हो रही हैं। 
पारसी तो सबसे अल्पसंख्यक, सफल एवं नेतृत्वकारी भूमिका में हैं। राजनीति को छोड़ सभी क्षेत्रों में विशिष्ट स्थान पर हैं। वे जब पहली बार भारत आये थे तो कहा था हम भारतीय समाज में आंटे में नमक की भांति रहेंगे। पता ही नहीं चलेगा कि हम यहां हैं भी और आपसे अलग हैं।
मेरी समझ से हमारी मूल समस्या यह है कि हमारे पास वर्तमान समय के अनुरूप भारतीय समाज में पूर्ववत विशिष्ट या कम से कम सामान्य से बेहतर स्तर पर रहने की सोच नहीं है। 
व्यक्ति की दृष्टि से बेहतर स्थानों पर अनेक लोग सफल हैं लेकिन उनके पास भी समग्र जातीय कल्याण की शायद दृष्टि नहीं है या भावना नहीं है अथवा कुछ और समस्या है। अभी मेरे पास भी ऐसी दृष्टि और योजना नहीं है, जिससे व्यापक समाज का कल्याण हो सके। तलाश जारी है।
मेरी निजी सफलता में मेरे परिवार का भी पूरा योगदान है अतः मैं उसे सामाजिक विकास का सूत्र नहीं कह सकता क्योंकि सभी लोगों की पारिवारिक पृष्ठभूमि एक समान नहीं होती।

इसके बावजूद मैं कुछ उदाहरण क्रमशः रखूंगा कि कैसे पर्दे के पीछे रह कर भी अपनी जाति के लोगों ने जातीय कल्याण के व्यापक काम किये। स्वाभाविक है कि उनके काम से लाभान्वित लोग भी न उनके काम को जानते हैं न ही उनके प्रति कृतज्ञ होने का सवाल है। चर्चित तो सम्मेलन ही रहे और जातीय संगठन के नेता गण, जिन्होंने बहुत काम किया। मेरा यह मंतब्य केवल दक्षिण बिहार के बारे में है। राजस्थान की स्थिति इससे भिन्न रही है।

समस्या की जानकारी के लिये इसे भी देखें--
http://magasamskriti.blogspot.in/2012/11/normal-0-false-false-false-en-us-x-none_27.html

सोमवार, 26 जनवरी 2015

ताकि हौसला बना रहे

ताकि हौसला बना रहे
1 शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज के लोगों से मेरा सादर निवेदन है कि सभी लोगों को खुले दिल और दिमाग से समाज की समस्या और उसके समाधान पर सोचना चाहिये साथ ही समाज के लिये जब कोई भी संस्था या कुछ लोगों की मंडली कुछ करती है, उसकी सच्ची समीक्षा होनी चाहिये तथा उन्हें पूरा सहयोग दिया जाना चाहिये ताकि हौसला बना रहे।
2 बिरादरी के हित में काम करने वाले लोग अक्सर कुछ दिनों बाद थक, उदास हो कर बैठ जाते हैं और समाज की शिकायत करते रहते हैं। इसी तरह शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज के लोग भी कई बार हर काम में केवल नुक्श निकालते हैं और यह शिकायत करते हैं कि बस इतना ही? यह भी कोई काम है? इससे क्या होने वाला है? इन दोनो अतिवाद से बचना जरूरी है ताकि समाज और समाज के लिये छौटा या बड़ा कोई भी काम करने वालों का हौसला बना रहे।
3 जो लोग कोई भी संस्था या कुछ लोगों की मंडली बना कर समाज के काम के मैदान में उतरते हैं, वे भी प्रायः अति उत्साह के कारण भ्रम में रहते हैं और सारे कामों को अकेले ही करने का बीड़ा उठाने लगते हैं। समाज के चतुर और असंवेदनशील लोग उनकी अतिरंजित प्रशंसा कर उन्हें भ्रम में डाल देते हैं। सच यही है कि अपनी रोजी रोटी के बाद समाज के काम के लिये समय निकालना बड़े त्याग का काम है और इसकी एक सीमा है। किसी से भी अधिक अपेक्षा करना उसे बरबाद करने जैसा है। अतः दोनों पक्षों, समाज तथा इसके लिये काम करने वालों को सावधान रहने की जरूरत है, ताकि हौसला बना रहे।
4 अक्सर देखा जाता है कि संस्थाएं और संगठन फैलने की जगह सिमटते-सिमटते कुछ चुनींदा लोगो की मंडली बन कर रह जाते हैं। इसे हर हाल में रोका जाना चाहिये। नये नये लोगों को सेवा के काम में समय देना चाहिये और पहले से चल रही मंडली को उन्हें प्रेम पूर्वक स्वीकार करना चाहिये ताकि हौसला बना रहे।
5 सभी कामों में सबकी न रुचि होती है, न क्षमता। पहले से चल रहे किसी संस्था-संगठन को यदि किसी दूसरे की बात पसंद न हो तो वे विरोध करने लगते हैं और अपमान महसूस करते हैं। उसे समाज विरोधी काम तक कहने लगते हैं। यह संकीर्ण दृष्टि है कि न करेंगे, न करने देंगे। मेरे/हमारे अतिरिक्त किसी को कुछ करने नहीं देना है। मेरा/हमारा वर्चस्व ही रहना चाहिए। इसे अपने एवं समाज के हित में शीध्र त्याग कर उत्साही लोगों को सुनना एवं अपने मंतब्य तथा सुधार के सुझाव के साथ यथा शक्ति सहयोग करना चाहिये ताकि हौसला बना रहे।
6 समाज के लिये किये जाने वाले काम अनेक हैं, कुछ तो तुरत आपत्कालीन मदद वाले हैं, उसके लिये किसी संस्था या संगठन की अनिवर्यता नहीं है न उसके लिये किसी का संकट काल टल सकता है। जो जहां हों, वहीं मदद करें ताकि अन्य को भी प्रेरणा मिले और भले लोगों का हौसला बना रहे।
7 सूर्य सप्तमी पूजा, परिवार मिलन, प्रतिभा खोज एवं उनका सम्मान, आपात सहायता, वैवाहिक सूचना, आपसी कलह में समझौता, संस्कृत- संस्क्ृति प्रशिक्षण, रोजगार परक प्रशिक्षण आदि करने लायक अनेक काम हैं। इन्हें इस आधार पर रोका नहीं जा सकता कि एक मंडली, जो काम कर रही है वही सारे काम करे। मुझे इस बात में कोई बुराई नहीं लगती कि अलग अलग कामों के लिये अलग अलग मंडिलियां सक्रिय रहें और सभी दूसरे को सहयोग दें। कोई न थक कर बैठ जाए, न ही कोई खड़ा ही न हो सके। वास्तविकता को स्वीकार करना जरूरी है ताकि हौसला बना रहे।
8 अघोषित रूप से किसी आयोजक द्वारा उसके अच्छे आयोजन के बीच ही किसी राजनैतिक दल, व्यापारी संस्थान या अन्य जातीय संस्था या संप्रदाय के लोगों को लाभान्वित बनाने के खेल के कारण लोग भीतर ही भीतर भड़क जाते हैं। ऐसा करना उचित नहीं ताकि पारदर्शिता और विश्वास के साथ सही लोगों का हौसला बना रहे।
9 धीरे-धीरे आयोजनों को स्वावलंबी और सरल बनाने का प्रयास करना चाहिये ताकि लोग समाज के काम के सपने को साकार करने के लिये नये नये लोग आगे आयें और हौसला बना रहे।
मैं भी लंबे समय से कई सामाजिक कामों में लगा रहा हूं। मैं ने भी अनेक प्रकार के सफलता-विफलता के अनुभव पाये हैं। अपनी समझ, अनुभव तथा आगे की संभावना को देखते हुए अपना विचार आप लोगों के सामने रख रहा हूं। आशा है, आप सभी इस पर ध्यान देंगे और मुझे भी सलाह देंगे।
रवीन्द्र कुमार पाठक, मो- 9431476562

सोमवार, 19 जनवरी 2015

सूर्य सप्तमी और सूर्य पूजा

सूर्य सप्तमी व्रत-पूजा-उत्सव संदर्भ कथा
पिछले वर्ष मैं ने सूर्य सप्तमी के अवसर पर की जाने वाली पूजा को सांब पुराण के अनुसार किये जाने का सुझाव दिया था, जो अपनी परंपरा का मूल ग्रंथ है। इसमें विस्तार से सूर्य साधना की अनेक विधियां दी गई हैं। जो भी संस्था/संगठन इसे पसंद करें उनके लिये विवरण नीचे उपलब्ध है।
माघ शुक्ल सप्तमी के दिन व्रत एवं पूजा के साथ उत्सव मनाने का वर्णन पुराणों में मिलता है। भविष्य पुराण और उसके उप पुराण सांब पुराण में सूर्य सप्तमी का वर्णन है, उसमें भी केवल सूर्य संबंधी होने के कारण सांब पुराण में यह विषय विस्तृत रूप से वर्णित है।
यह व्रत वस्तुतः 2 दिनों षष्ठी और सप्तमी मिला कर मनाने का प्रावधान है, जिसे बाद में केवल षष्ठी या केवल सप्तमी के दिन भी मनाने का विकल्प दिया गया। षष्ठी के दिन व्रत और सप्तमी के दिन उत्सव का स्वरूप होने से कालांतर में सप्तमी वाला ही अधिक प्रचलित रहा। इसे भानु सप्तमी एवं रथ सप्तमी भी कहा गया है। मूलतः कहा जाय तो यह रथ सप्तमी है। इस अवसर पर सूर्य के रथ के निर्माण और रथ यात्रा का पहले प्रचलन था, जिसका विधान सांब पुण में सूर्य सप्तमी पूजा के रूप में है। इस अवसर पर रथ निर्माण से ले कर रथ यात्रा निकालने तक की चलन रही, साथ ही सूर्यमंडल के निर्माण के बाद उसमें सौर तंत्र साधना पंरपरा में दीक्षा भी दी जाती थी। बाद में जब लोगों ने सौर तंत्र में दीक्षा ले कर साधना करना छोड़ दिया क्योंकि यह साधना पद्धति मुख्यतः योग मार्ग का होने के कारण तुलनात्मक रूप से कठिन होती थी साथ ही मंदिरों से जब चढ़ावा बिना मिहनत मिले तो साधना कौन करे का भाव भी आ गया। मंदिर के प्रबंधन में मगों की इतनी दक्षता थी कि अन्य संप्रदाय के लोग भी इन्हें कहीं पुजारी, कहीं प्रबंधक नियुक्त करने लगे थे।
सूर्य मंदिरों की संपत्ति पर दूसरों के कब्जे और मग बिरादरी की उदासीनता के कारण बहुत दिनों तक रथ यात्रा एवं सूर्य सप्तमी बंद रही। कुछ लोग इसे अचला सप्तमी के रूप में मनाते रहे। इसमें किसी जाति विशेष की सीमा नहीं रही। इस प्रकार रथ सप्तमी का संदर्भ तो लोग भूल ही गये। यहां तक कि जहां सूर्य मंदिर हैं वहां भी न तो रथ निर्माण होता है न रथ यात्रा निकाली जाती है।
इसके बाद जब बिरादरी एकता एवं संगठन के प्रयास शुरू हुए तब सूर्य सप्तमी को पूरे भारत में शाकद्वीपी लोगों की वार्षिक पूजा के रूप में स्वीकार किया गया। इसके बाद एक दिवसीय सूर्य सप्तमी और सूर्य पूजा की चलन शुरू हुई लेकिन अन्य ग्रंथों के आधार पर, जब कि सांब पुराण में पूरी पूजा विधि दी हुई है। इसी में आंशिक कालोचित संशोधन कर सूर्य सप्तमी व्रत पूजा करना परंपरा के अधिक करीबी है।
सांब पुराण शाकद्वीपियों का सर्वाधिक विस्तृत और पारंपरिक ग्रंथ है। अतः अन्य जो करें शाकद्वीपी लोगों को सांब पुराण पर भरोसा करना चाहिये। सूर्य सप्तमी/अचला सप्तमी व्रत के अनेक लाभ बताये गये हैं, जिनमें एक लाभ यह है कि इस दिन किया गया कार्य हमेशा स्थाई होता है।
सांब पुराण अध्याय, 38, 55, एवं अन्य पर आधारित


श्री शशि रंजन मिश्र से अनुरोध है कि वे सांब पुराण वाला लिंक एक बार फिर से पेस्ट कर दें या अध्याय 38 को डॉक्युमेंट फार्म में उपलब्ध करा दें ताकि लोग आसानी से प्रिंट निकाल कर उसका उपयोग कर सकें।
ृृ

बुधवार, 14 जनवरी 2015

सावधानी का आग्रह

एक सुखद ऐतिहासिक सूचना एवं सावधानी का आग्रह
भारत के विभिन्न क्षेत्रों के विभिन्न ब्राह्मणों ने समय समय पर ईशाई धर्म को स्वीकार किया। कोलकाता तथा मद्रास में यह काम यूरोपीय प्रभाव या अंगरेजी सरकार के प्रलोभन वश हुआ। गोआ में जबरन धर्मांतरण कराया गया। सौगाग्य से बंगाल के कोलकाता में रहने के बावजूद ‘‘किसी शाकद्वीपी ने ईशाई धर्म नहीं अपनाया’’, यह मानना है ईशाई मिशनरियों का। देखें वेबसाइट http://joshuaproject.net/people_groups/19974/IN
इस तथ्य ने ईशाई मिशनरियों में यह चुनौती पैदा की है कि किसी प्रकार शाकद्वीपी ब्राह्मणों को ईशाई बनाया जाय। इसके लिे पहला उपाय सोचा गया है कि उन ईशाइयों को इनके संपर्क में लाया जाय जो पहले ब्राह्मण थे। ऐसे लोगों से सावधान रहें।

बुधवार, 31 दिसंबर 2014

इस बार गया में संज्ञा समिति की कार्य शैली में बदलाव
प्राप्त सूचनानुसार गया जिला इकाई ने पूर्व से हट कर यह तय किया कि इस बार --
1 सूर्य सप्तमी महोत्सव में केवल शाकद्वीपी ब्राह्मण ही भाग लेंगे।
2 चंदा भी केवल स्वजातीय लोगों से लिया जायेगा।
3 अमीर गरीब सबका मान बराबर होगा और कुंडों की बिक्री/मूल्य आधारित आरक्षण नहीं होगा।
इस बार स्थान भी पहले से हट कर शहर के बीच धर्म सभा भवन को समिति ने रखा है, बाकायदा शुल्क दे कर। अन्य जानकारी संलग्न पर्चे से प्राप्त करें।

रविवार, 21 दिसंबर 2014

जाली इतिहास का संकट

जाली इतिहास का संकट
इतिहास के बारे में एक विचार यह भी है कि कोई कथा गढ़ कर उसे इतनी बार दुहराओं कि वह सच लगने लगे। यह काम अनजान लोगों के बीच और अपने बीच भी दबी जुबान से किया जाता है। जब झूठ स्थापित सी हो जाती है तब जानकार भी सच बोलने से डरते हैं कि बहुसंख्यक अनजान लोगों के कोप का सामना करना पड़ेगा। स्वयंभू और सुविधावादी इतिहास-रचनाकारों से मैं भी अपने जीवन में खूब प्रताडि़त हुआ।
एक प्रचलित इतिहास यह है कि मग-भोजक आदि नामों वाले शाकद्वीपीय ब्राह्मण सूर्य की पत्नी संज्ञा की संतान है। विभिन्न पुराणों के विभिन्न वर्णन। कल मुझसे पूछा गया कि संज्ञा की संतान होने का शास्त्रीय प्रमाण दें। मुझे नहीं मिला किसी पुराण में। क्या कोई बता सकेंगे? मगध क्षेत्र में तो बाकायदा ‘‘संज्ञा समिति’’ नामक संस्था भी है। मैं अभी भी पुस्तकों के पन्ने पलट रहा हूं कि शायद कहीं कुछ मिल जाये।

बुधवार, 5 नवंबर 2014

सकलदीपी क्यों नहीं?

सकलदीपी क्यों नहीं?
एक बार एक सज्जन ने जो अब फेसबुक से कहीं लुप्त हैं, यह सवाल उठाया था। मैं ने भी िफर से भविष्य पुराण और सांब पुराण को मिलाया। तंत्र पर लिखे कुछ नये कुछ पुराने ग्रंथों को भी मिलाया, जिनमें कम से कम महामहोपाध्याय पं गोपीनाथ कविराज जी की पुस्तक भारतीय साधना की धारा का नाम लेना जरूरी है।
बात दरसल यह है कि अगर जंबूद्वीप आगमन और सांब से सीधा संबंध नहीं जुड़े तो इसका मतलब यह नहीं कि वह बात मग-भोजक परंपरा से जुड़ी हुई नहीं है। एक ओर हम स्वीकार करते हैं कि मग के रूप में हमारी बिरादरी तंत्र विद्या की जानकार है, मगध हो या राजस्थान अपने घरों में लोग सूर्य से अधिक शिव या शक्ति के किसी रूप की उपासना कुलदेवी/देवता के रूप में कर रहे हैं लेकिन इस तुलनात्मक रूप से करीबी इतिहास को समझने से आनाकानी करते हैं।
सवाल यह है कि सकलदीपी शब्द में से दोनो भागों सकल और दीपी का कोई अर्थ होता है या नहीं और उसकी संगति हमसे है या नहीं? सकल शिव का एक रूप है। सकल और निष्कल क्रम से शिव की आराधना होती है। सकल उपासना तंत्र की विस्तारप्रधान उपासना है। सकल और निष्कल ये दोनो शब्द प्रचलित शब्द हैं न कि मेरे द्वारा प्रस्तावित। निष्कल वैराग्यप्रधान निर्गुण निराकार की ओर ले जाने वाली साधना है। दीपी का अर्थ होता है जिसने उस मार्ग को दीपित, प्रकाशित किया है, दीपन मतलब तीव्र करना, प्रकाशित करना होता है। इस प्रकार सकलदीपी मतलब शैव तंत्र के सकल (कलाओं सहित) साधना क्रम में तीव्र, निष्णात और दूसरों के लिये प्रकाशित करने वाला सिखाने वाला। 
मुझे यह अर्थ वर्तमान सकलदीपी लोगों पर पूरी तरह फिट नजर आता है। मगध में तो पुराने सूर्य मंदिरों से जितने इनके संबंध हैं, उनसे अधिक शिव मंदिरों से हैं। जहां कहीं सूर्य मंदिर हैं, उनके आसपास या समानांतर शाकद्वीपियों के द्वारा सेवित प्राचीन शैव या शाक्त मंदिर भी हैं। सकल उपासना क्रम का पूरा विवरण सांब पुराण में मिलता है। सौर पुराण तो उससे भी आगे है। उसने शिव में ही सूर्य को समेट दिया है। 
क्या उपासना आधारित जातीय नाम नहीं होते या उपाधियां नहीं होतीं़? विचार तो इस बात पर भी होना ही चाहिये। सकलदीपी से जुड़ी अन्य बातें आगे के आलेख में ..........